Showing posts with label प्रोफे. राम स्वरुप सिन्दूर. Show all posts
Showing posts with label प्रोफे. राम स्वरुप सिन्दूर. Show all posts

Sunday, December 4, 2016

हँस कर और जियो/राम स्वरुप सिन्दूर

न सिर्फ कानपुर बल्कि सम्पूर्ण गीतों की दुनिया जिन पर गर्व करती है एक ऐसे गीतकार का गीत आज प्रस्तुत कर रही हूँ ...कुछ कहने की योग्यता नहीं रखती प्रोफ़ेसर रामस्वरूप 'सिन्दूर' जी के गीतों के विषय में इसलिए उनकी ही चार पंक्तियों के साथ प्रस्तुत कर रही हूँ ऊर्जा का संचार करती उनकी गीत रचना
आगत मुझ को विगत नहीं होने देता,
चेतन, अंतिम नींद नहीं सोने देता,
आते-रहते
सौर ऊर्जा-वाले दौर


हँस कर और जियो ..............

रो-रो मरने से क्या होगा
हँस कर और जियो !
वृद्ध क्षणों को बाहुपाश में
कस कर और जियो !

रक्त दौड़ता अभी रगों में,
उसे न जमने दो,
बाहर जो भी हो, पर भीतर
लहर न थमने दो,
चक्रव्यूह टूटता नहीं, तो
धंस कर और जियो !

श्वास जहाँ तक बहे,-
उसे बहने का मौका दो,
जहाँ डूबने लगे,
उसे कविता की नौका दो,
गुंजन-जन्मे संजालों में
फँस कर और जियो !

टूटे सपने जीने का
अपना सुख होता है,
सूरज, धुन्ध-धुन्ध
आँखें शबनम से धोता है,
ज्वार-झेलते अंतरीप में
बस-कर और जियो


राम स्वरुप सिन्दूर 

Friday, December 2, 2016

आत्म-पुनर्वास भी जियें/ प्रोफे. राम स्वरुप सिन्दूर

जीवन -दर्शन वही गा सकता है जिसने जीवन यात्रा को सुबह, दोपहर,शाम और रात के मार्ग से न सिर्फ गुज़ारा हो बल्कि सूक्ष्मता से विश्लेषित भी किया हो ...एक लम्बे अनुभव का दर्पण है प्रस्तुत गीत ......................

हम हिरण्यवास जी चुके ,
निर्जन निर्वास भी जियें !
तन का इतिहास ही नहीं ,
मन का इतिहास भी जियें !!

एक अंतहीन ज्वार में
सप्त-सिन्धु एक कर दिये ,
अश्रु के त्रिलोकी दृग में
लीलाधर रूप भर दिये ,
खण्ड-खण्ड श्वांस जी चुके ,
चक्रवात रास भी जियें !

सूर्यमुखी आग पी रहे
चंद्रमुखी तृप्ति के लिये ,
एक बिम्ब से जुड़े हुए
सृष्टि से विभक्ति के लिये ,
शून्य का प्रवास जी चुके ,
प्राकृत सन्यास भी जियें !

स्वप्नजात इंद्रजाल में
मन्वन्तर-कल्प खो गये ,
होना था कल कि जो हमें
इस पल ही आज हो गये ,
विस्थापन -त्रास जी चुके ,
आत्म पुनर्वास भी जियें !


रामस्वरूप सिन्दूर